शाहगंज। क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर बृहस्पतिवार की रात हुईं सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक नगर के पुरानी बाजार निवासी अंबरीष कुमार (59) और बर्नाली (30) घर के बाहर खडे थे। इसी बीच तेज रफ्तार टेम्पो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी घटना जौनपुर रोड स्थित गंदा नाला के पास हुई। यहां सड़क के किनारे खड़े ट्रक से एक काट टकरा गई। हादसे में कार सवार अंबेडकर नगर के मनगढ़ कटहरी निवासी दिनेश पांडेय (51), प्रिया पांडेय (28), आरती (29) और राम सृजन तिवारी (50) घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखकर दिनेश पांडेय और राम सृजन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।