खेतासराय। क्षेत्र के महरौड़ा गांव में बुधवार की रात एक बरात में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। निर्वस्त्र होकर सोए एक बराती को टोकने पर शुरू हुआ विवाद बाद में मारपीट में बदल गया, जिसमें छह बाराती घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने छह नामजद समेत करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के बस्ती कपूरी गांव से महरौड़ा गांव में बरात आई थी। द्वारचार और जयमाल कार्यक्रम के दौरान बरातियों ने भोजन भी किया। इसी बीच नशे में धुत एक बराती कथित रूप से निवस्त्र होकर गांव के एक घर के सामने पड़ी चारपाई पर जाकर सो गया। इसे लेकर घरातियों और बरातियों के बीच कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया। ग्रामीणों के अनुसार बाद में कुछ बरातियों द्वारा गांव के एक युवक के साथ मारपीट किए जाने से माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि भोजन के बाद जब बराती वापस लौटने लगे तो घरातियों की ओर से उन पर हमला कर दिया गया। मारपीट में बस्ती कपूरी गांव निवासी जालंधर बिंद, रोशन बिंद, संदीप बिंद, सिकंदर, लालबहादुर बिंद, कोइरीहा निवासी शिवपूजन घायल हो गए। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जालंधर बिंद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि महंगूराम की तहरीर पर छह नामजद एवं करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।