जौनपुर। गैंगेस्टर के छह अन्य बदमाशों की भी डीएम ने चल-अचल संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है। पुलिस की रिपोर्ट पर उन्होंने यह आदेश देते हुए संबंधित तहसीलदार को कुर्क की जाने वाली संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया है। कुर्क की जाने वाली संपत्ति की कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मियांपुर निवासी पप्पू यादव उर्फ धीरेंद्र ने अपराध के बल पर 50 लाख रुपये की संपत्ति बनाई है। वहीं जफराबाद के जमालापट्टी निवासी रोशन सिंह ने 60 लाख व रमाशंकर सिंह उर्फ भोला ने 75 लाख रुपये अर्जित किए हैं। बक्शा के मुरादपुर कोटिला निवासी बृजेश गौतम ने 5 लाख, खुटहन के मखदूपुर निवासी रामफेर वर्मा ने पांच लाख कीमत की कार, पंवारा के नरगहना निवासी शाहनवाज उर्फ टेंगर ने 4 लाख की कीमत की संपत्ति अपराध के बल पर ही हासिल की है। पुलिस की रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया है कि सभी शातिर बदमाश हैं। अपराध के अलावा इनका कोई अन्य व्यवसाय नहीं है। लिहाजा इन सभी की संपत्ति जब्त करते हुए कुर्की का आदेश दिया जा रहा है। कुर्क की गई संपत्ति के प्रशासक संबंधित तहसील के तहसीलदार होंगे। आरोपियों को न्यायालय में अपना पक्ष रखने के लिए तीन माह का मौका दिया जा रहा है।