18- मीरगंज क्षेत्र के अदारी स्थित अभिनव प्राथमिक स्कूल में आयोजित अर्धवार्षिक परीक्षा देते छात्र
- फोटो : JAUNPUR
जमीन पर बैठकर दी नौनिहालों ने परीक्षा
प्राथमिक विद्यालयो की शुरू हुई परीक्षा, डायट में बना है पेपर
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू हो गई। कई विद्यालयों में छात्रों ने जमीन पर बैठकर परीक्षा दी। परीक्षा के लिए डायट पर प्रश्न पत्र तैयार कराया गया है। सभी परीक्षा केंद्र टास्क फोर्स की निगरानी में रहेंगे। परीक्षाएं 24 अक्तूबर तक दो पालियों में चलेंगी। जिले में 2416 प्राथमिक विद्यालय और 878 जूनियर हाईस्कूल हैं। इन विद्यालयों में करीब 4.25 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षण सत्र 2019-20 की अर्द्ध वार्षिक परीक्षा सोमवार से दो पालियों में शुरू हो गई। पहली पाली में हिंदी तथा दूसरी पाली में सामाजिक विषय (हमारा परिवेश) की परीक्षा सम्पन्न हुई।
सिकरारा के खण्ड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने बताया कि यह परीक्षा 21 से 24 अक्टूबर तक चलेगी। ब्लाक के 29 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 3046 बच्चे तथा प्राथमिक के 113 विद्यालयों में 13259 बच्चे परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के लिए डायट पर विषय विशेषज्ञों से प्रश्नपत्र तैयार कर सभी न्याय पंचायत संकुल प्रभारियों को पैकेट उपलब्ध कराया जा चुका है। परीक्षा शुरू होने के एक घण्टा पूर्व सील पैक प्रश्न पत्र का लिफाफा सम्बंधित विद्यालय प्रभारी को उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस कार्य में पर्यवेक्षण के लिए जिले स्तर से टास्क फोर्स का गठन किया गया है। उधर मीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार मछलीशहर के 132 प्राथमिक एवं 58 पूर्व माध्यमिक स्कूलों में एक साथ परीक्षा शुरू हुई।