जौनपुर। कोडीन कफ सिरप की तस्करी के मामले में गठित एसआईटी ने रविवार देर रात तक ताबड़तोड़ छापे मारे गए। इस दौरान टीम 12 संबंधित फर्मों पर गई, लेकिन टीम को मौके पर कहीं से कोई भी फर्म संचालक नहीं मिला है। हालांकि अब टीम संबंधित फर्म संचालकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लेने की तैयारी में है।
जनपद के 12 फर्मों से 42.45 करोड़ रुपये की बिलिंग की गई है। यह बिलिंग 18.90 लाख कोडीन युक्त कफ सिरप शीशियों की हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ये फर्में झारखंड के रांची स्थित शैली ट्रेडर्स से सौ-सौ एमएल की कफ सिरप लेती थीं। जांच में यह भी पता चला है कि 42.45 करोड़ रुपये की कुल 18.90 लाख शीशी कफ सिरप की खरीदारी कर उसकी बिक्री आसपास के जिलों में दिखाई गई है। जबकि वास्तविकता में न तो कोई सिरप खरीदी गई न ही बेची गई। सिर्फ बिलिंग का खेल हुआ है। इसमें शैली ट्रेडर्स रांची, झारखंड के प्रोप्राइटर भोला प्रसाद और उनके बेटे शुभम जायसवाल सरगना हैं, जो वर्ष 2023 से जिले के दवा कारोबारियों को अपने नेटवर्क में लेकर उन्हें बदले में कमीशन देते थे। लालच में आकर यहां के कारोबारी खेल में शामिल हुए, जिनमें 15 लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। खाद्य एवं औषधि विभाग की ओर से अब तक 12 फर्मों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसी क्रम में एसआईटी में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह से लेकर लेकर देर रात तक संबंधित 12 स्थानों पर फर्म संचालकों की तलाश में गई। लेकिन, कोई फर्म संचालक नहीं मिला।