थानागद्दी बाजार में मंदिर से चोरी हुई मूर्ति की फोटो। स्रोत-संवाद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
थानागद्दी। कोतवाली केराकत के थानागद्दी बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप भगवती माता मंदिर से चोरों शनिवार को दिनदहाड़े माता की मूर्ति पर लगे चांदी का मुखौटा और मुकुट चुरा ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर बाजारवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
शनिवार शाम करीब पांच बजे आसपास की महिलाएं मंदिर में पूजा-पाठ और दीप जलाने जब पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि भगवती माता की मूर्ति का चेहरा बालों से ढका है। बाल हटाकर देखने पर मूर्ति का चांदी का मुखौटा गायब मिला। बाजार निवासी रमेश सेठ ने चोरी गए मुखौटे की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई है।
रमेश सेठ ने बताया कि उन्होंने घटना की सूचना पुलिस की दी। मौके पर कोतवाली प्रभारी अरविंद पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं बाजारवासियों से घटना की जानकारी ली तथा जल्द ही चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया। साथ ही मंदिर में नया मुखौटा लगवाने के लिए कोतवाली पुलिस ने निजी स्तर से पांच हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।
केराकत कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, फिर भी पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच में जुट गई है।