धर्मापुर। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन नौ कन्याओं को प्रसाद ग्रहण कराकर हवन-पूजन करते हुए नवरात्र का समापन हुआ। इस दौरान मां शीतला चौकिया धाम में दर्शन करने आए भक्तों ने भी हवन में आहुतियां दीं। ऐसे ही मां मैहर देवी मंदिर में नवरात्रि के अंतिम दिन 11 किलो फूलों से माता का शृंगार हुआ। पूजा-अर्चन के बाद कन्याओं को भोजन कराया गया।
नौवें दिन भक्तों ने मां शीतला के दर्शन सिद्धिदात्री देवी स्वरूप में किया। इनके अलावा मैहर देवी मंदिर परमानतपुर, मां दक्षिणा काली सिटी स्टेशन, मां सिद्दीदात्री मंदिर सिपाह आदि जगहों पर पूजा-पाठ की गई। इस दौरान अंतिम दिन शीतला चौकियां धाम में 20 हजार से अधिक भक्तों ने दर्शन किया। पूर्वांचल के आस्था का केंद्र शीतला चौकियां धाम में नौवें दिन व्रती महिलाओं पुरुष ने माता रानी के दरबार में हवन-पूजन कर व्रत का उद्यापन किया।
प्रातः काल चार बजे मंदिर के कपाट खुलने के पश्चात मां शीतला माता रानी का भव्य शृंगार कर आरती-पूजन किया गया। वहीं पूर्वांचल के कोने-कोने से आए हुए श्रद्धालु मुंडन संस्कार, कड़ाही पूजन कर परिवार समेत मां के चरणों में मत्था टेक सुख शांति समृद्धि धन यश वैभव की कामना की। पुजारी शिवकुमार पंडा ने बताया कि आज नौवें दिन श्रद्धालुओं ने पूजन करने के साथ दान भी किया। वहीं, मैहर माता मंदिर परमानतपुर में 11 किलो के पांच रंग के फूलों का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान मोतीचूर के लड्डू का भोग लगाकर भगवान श्री राम की पूजा की गई। उधर मुफ्तीगंज में भगवान श्री राम का पावन जन्मदिवस भी मनाया गया।