कांस्य पदक के साथ आरक्षित शुभम मिश्रा व सुनील निषाद। स्वयं
मड़ियाहूं। मोकलपुर गांव के यूपी पुलिस में आरक्षी शुभम मिश्रा ने 74वीं अखिल भारतीय पुलिस जलीय एवं क्रॉस कंट्री क्लस्टर प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले और क्षेत्र का मान बढ़ाया। हरियाणा के मानेसर स्थित एनएसजी परिसर में आयोजित प्रतियोगिता के हाई बोर्ड सिंक्रोनाइज्ड डाइविंग में शुभम मिश्रा और आरक्षी सुनील निषाद की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता के बाद एनएसजी महानिदेशक ने दोनों खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि पदक हासिल करने के लिए वह प्रतिदिन सुबह-शाम तीन-तीन घंटे अभ्यास करते हैं। साल 2009 में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ में रहकर उन्होंने डाइविंग का प्रशिक्षण शुरू किया था। इसके बाद लगातार अभ्यास और नियमित प्रशिक्षण के दम पर वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, गुरुजनों और पुलिस विभाग के सहयोग को दिया। संवाद