सिकरारा चौराहे पर खाद की दुकान का सत्यापन करते उप कृषि निदेशक व अन्य। स्रोत-संवाद
सिकरारा। क्षेत्र में शनिवार को कृषि विभाग की टीम ने उर्वरक एवं कृषि उत्पादों की दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान गुलजारगंज स्थित डीसीएफ केंद्र बंद होने पर संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह के साथ सिकरारा चौराहा, गुलजारगंज और समाधगंज स्थित उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान लालाबाजार स्थित किसान घर एग्रीजंक्शन, सिकरारा चौराहा के खादभंडार गुलजारगंज की बहुद्देशीय समिति व अन्य खाद बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध स्टॉक, मूल्य सूची, अभिलेखों एवं बिक्री व्यवस्था की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान गुलजारगंज स्थित डीसीएफ केंद्र बंद मिला। इसके लिए संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं अन्य दुकानदारों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत न लेने, किसी भी उर्वरक के साथ अनावश्यक टैगिंग न करने व जमाखोरी से बचने के सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि यदि कोई उर्वरक विक्रेता ओवररेटिंग, टैगिंग या जमाखोरी करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार है। किसानों को किसी तरह की कठिनाई नहीं होने पाएगी।