जौनपुर। कोरोना संक्रमण के कारण लगे कर्फ्यू में शहर के लोगों को फल, दूध, दही, सब्जी, अनाज और किराना के सामानों के लिए दिक्कत न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने होम डिलेवरी कराने को दुकानों का चयन किया है। इन दुकानों पर फोन करके लोग जरूरत के सामान मंगवा सकते हैं। दुकानदार भी फोन आने पर संबंधित व्यक्ति के घर सामान पहुंचाने का कार्य करेंगे। प्रशासन की तरफ से इस तरह के 25 दुकानों का चयन किया गया है।
कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है, रोज काफी संख्या में नये केस आ रहे हैं। जिसके मद्देनजर प्रशासन ने शहर में कोरोना कर्फ्यू लगाया है। इसके तहत फल, दूध, दही, सब्जी, अनाज और किराना के दुकानों को सुबह छह बजे से लेकर 11 बजे तक खोलने की छूट दी गई। हालांकि दुकानदारों को कोरोना संबंधी गाइड लाइन का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके तहत दो गज की दूरी पर दुकानों के सामने गोला बनाने सहित सैनिटाइजर रखने और बिना मास्क वालों को सामान नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही लोगों को आवश्यकता के सामानों के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए होम डिलेवरी कराने को दुकानों का चयन भी किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह का कहना है कि लोगों को आवश्यकता के सामान घर पर ही उपलब्ध हो जाएंगे। इसके लिए डीएम के निर्देश पर शहर में 25 दुकानों का चयन किया गया है. जो होम डिलेवरी करके लोगों के घरों तक सामान पहुंचाएंगे।