जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के अहमद खां मंडी मोहल्ले में रविवार को जमीन विवाद को लेकर हो रही पंचायत में गोली चलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एक पक्ष के बसपा नेता सलीम खान और दूसरे पक्ष के आले और दरोगा ने एक-दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस का मानना है कि जांच में मौके पर गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है और न ही मौके से कोई खोखा ही बरामद हुआ है। दोनों पक्षों से कोतवाली में पूछताछ की जा रही है।
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के आदमपुर अकबर मोहल्ला निवासी बसपा नेता सलीम खान का कहना है कि अहमद खां मंडी में ही उनका पुश्तैनी मकान है। मोहल्ले में ही जमीन विवाद के लेकर पंचायत थी। पंचायत में उन्हें भी बुलाया गया था। बातचीत के दौरान ही मनबढ़ों ने उनको लक्ष्य कर गोली चला दी जिसमें वह बाल बाल बच गए। घटना के वक्त उनके गनर सड़क की तरफ थे। आवाज सुनकर गनर पहुंचे तो गोली चलाने वाले भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों को घर से पकड़कर थाने ले गई। जबकि कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार मिश्रा का कहना है कि गोली चलने की सूचना पर वह खुद मौके पर पहुंचे। आस पास के लोगों से पूछताछ की गई। किसी ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की। मौके से कोई खोखा भी बरामद नहीं हुआ है। दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।