करंजाकला। सिद्दीकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को 76वीं जनपद स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के 800 मीटर दौड़ में मड़ियाहूं के शिव ओम प्रथम रहे। बदलापुर तहसील के अमन कुमार दूसरे और शाहगंज तहसील के सत्यम बिंद तीसरे स्थान पर रहे। विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह और आयोजक विद्यालय जनता जनार्दन इंटर कॉलेज जासोपुर चकिया के प्रबंधक लाल साहब यादव ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। आयोजक विद्यालय के प्रबंधक लाल साहब यादव, प्रधानाचार्य रमेश चंद्र ने आभार जताया। संचालन राम दुलार यादव, राम प्रताप विश्वकर्मा, डॉ. महारुद्र सिंह और गौरव तिवारी ने किया।