नगर क्षेत्र के मीरपुर में करोड़ाें की लागत से तीन मंजिला आश्रय भवन (शेल्टर हाउस) का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। उक्त भवन सारी सुविधाओं से लैस होगा। जिससे लावारिस व आवास हीन गरीबों को निवास करने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इसको बनाने के लिए कार्यदायी संस्था को एक करोड़ 22 लाख 39 हजार दो सौ रुपए की धनराशि जारी कर दी गई है। बता दें कि अब नगर के लावारिस व आवास हीन गरीबों को फुटपाथ पर रात गुजारनी नहीं पड़ेगी।
वे शीघ्र ही शेल्टर हाउस में रात गुजार सकेंगे। इसके लिए दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन योजनांतर्गत तीन मंजिला आश्रय भवन का निर्माण किया जाएगा।
जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर महिला व विकलांग लोगों के रहने की व्यवस्था रहेगी। जबकि शेष दोनों फ्लोर पर अन्य लोगों के रहने की व्यवस्था रहेगी। उक्त भवन में 100 लोग एक साथ निवास कर सकेंगे।
इसके लिए जिला नगरीय विकास अभिकरण द्वारा मीरपुर में भूमि का चयन कर दिसंबर 2015 में प्रस्ताव शासन को भेजा था, जो स्वीकृत हो गई है। इसे बनाने के लिए तीन करोड़ 37 लाख 29 हजार की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।
साथ ही इसके निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को साैंपी गई है। भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ 22 लाख 39 हजार दो सौ रुपए की धनराशि जारी हो चुकी है। जिसे कार्यदायी संस्था को भेज दिया गया है।