गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। थानाक्षेत्र के एक गांव में सोमवार दोपहर एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेल रहे पांच साल के एक मासूम बालक के साथ दो किशोरों ने दुष्कर्म। मासूम की चीख सुनकर जब मां मौके पर पहुंची, तो मंजर देख उसके होश उड़ गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मां के अनुसार, उसका पांच वर्षीय बेटा घर के पास ही खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस के ही दो किशोर (उम्र करीब 10-12 वर्ष) वहां पहुंचे और बालक को फुसलाकर किनारे ले गए। आरोप है कि दोनों किशोर मासूम का मुंह दबाकर उसे पास के ही एक घर की सीढ़ियों के नीचे ले गए और वहां बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्चे ने जब विरोध किया और चीखने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे चप्पलों से बेरहमी से पीटा। बालक की चीख सुनकर मां मौके की ओर दौड़ी। उसे आता देख दोनों आरोपी किशोर वहां से भाग निकले। इस वारदात के बाद मासूम की हालत बिगड़ गई है और परिवार सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।