धर्मापुर, ब्लॉक क्षेत्र के राजेपुर गांव की शैलजा सिंह सिल्वर मेडल के साथ। स्रोत-स्वय
धर्मापुर (जौनपुर)। जौनपुर जिले के होनहार खिलाड़ी अब खेल के मैदान में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी क्रम में धर्मापुर ब्लॉक के राजेपुर गांव निवासी शैलजा सिंह ने वाराणसी में आयोजित जिला कराटे चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। जिला कराटे एसोसिएशन वाराणसी की ओर से आयोजित और खिलाड़ियन एंबेसी की मेजबानी में हुए इस टूर्नामेंट में शैलजा ने अपनी तकनीक और फुर्ती से जजों को प्रभावित किया। सेंट केसी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल, नेवादा में हुई इस प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में पदक जीतने के साथ ही शैलजा का चयन अब आगामी राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप के लिए हो गया है। शैलजा की इस उपलब्धि पर उनके कोच अखिलेश रावत, पिता बुलट सिंह और माता डॉ. आस्था सिंह ने हर्ष व्यक्त किया है। उनकी दादी और राजेपुर गांव की ग्राम प्रधान मनोरमा सिंह ने कहा कि यह न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण है। शैलजा को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।