मुंगराबादशाहपुर। नगर के एक पैलेस में सोमवार को व्यापार मंडल व सर्व वैश्य समाज की ओर से आयोजित एक सम्मान समारोह में जान की बाजी लगाकर व्यापारी परिवार की जान बचाने वाले सात पुलिस कर्मियों और 8 युवकों सम्मानित किया गया।
13 जून को नगर के सालिक राम उमरवैश्य की गारमेंट्स की दुकान में अचानक आग लग गई थी। परिवार के सदस्य दूसरे और तीसरे तल पर फंसे थे। जान बचाने के लिए लोग कूदने की कोशिश में लगे थे। आग बुझाने में लगे पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इसके बाद सभी सदस्यों को सकुशल बचाया गया। ऐसा करने वाले जाबाज सिपाहियों और युवकों को सीओ प्रतिमा वर्मा, थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष आलोक गुप्ता व सर्व वैश्य समाज के सलाहकार आलोक गुप्ता पिंटू आदि ने सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले में सात पुलिसकर्मियों में उप निरीक्षक इंद्रदेव सिंह, चौकी इंचार्ज सतहरिया, गंगासागर मिश्रा, कांस्टेबल संदीप यादव, हेड कांस्टेबल रामचंद्र सिंह, राकेश यादव, पंकज मौर्या हैं। इसके अलावा श्रेयांश अग्रहरि, सौरभ केसरवानी, अनुज श्रीवास्तव, नेहाल, शाहबाज, रंजीत भोजवाल, दिव्यांश अग्रहरि व आनंद केसरवानी सम्मानित होनें वालों में शामिल है।