जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सोमवार से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं आईबीएम केंद्र में शुरू हो गई हैं। वहीं काॅलेजों के एलएलबी की सेमेस्टर परीक्षाएं भी केंद्रों पर शुरू हो गईं।
विश्वविद्यालय के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परिसर में सत्र 2023-24 की परीक्षा में एमबीए, एमबीए (एग्री बिजनेस), एमबीए (ई-कॉमर्स), एमबीए (बिजनेस इकोनॉमिक्स), एमबीए (फाइनेंस और कंट्रोल), एमबीए (एचआरडी) और बीकॉम (ऑनर्स) के करीब 378 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा पांच फरवरी तक दोनों पालियों में संपादित की जाएगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से एक बजे तक और द्वितीय पाली में दोपहर दो बजे से पांच तक कराई जाएगी। आईबीएम केंद्र केंद्राध्यक्ष प्रो. अजय द्विवेदी ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षा की समय-सारणी पहले ही छात्र-छात्राओं को जारी कर दी गई थी। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रबंध अध्ययन संकाय की समस्त परीक्षा की आईबीएम केंद्र पर ही है। इसमें पंजीकृत छात्राएं अपने-अपने संकाय में परीक्षा देंगे। इस बाबत सहायक केंद्राध्यक्ष डॉ. परमेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा की व्यवस्था की गई है। उड़ाका दल की भी व्यवस्था की गई है।
उधर, राजा श्रीकृष्ण दत्त पीजी काॅलेज और टीडी पीडी काॅलेज केंद्र पर एलएलबी के प्रथम, तृतीय, पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गईं। कड़ाके की ठंड के बीच सुबह साढे आठ बजे ही छात्र परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए।