वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू कराने की तैयारी है। वर्तमान सत्र की परीक्षाएं पूर्व की भांति कराने पर शासन से सहमति मिली है। समर्थ पोर्टल पर आवेदन नहीं किए जाएंगे। 21 नवंबर तक परीक्षा फाॅर्म ऑनलाइन किए जाएंगे। महाविद्यालय 23 तक परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय में जमा कर सकेंगे।
कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के अपर मुख्य सचिव डाॅ. सुधीर एम बोबड़े की ओर से विश्वविद्यालयों को जारी पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालय स्तर पर समर्थ पोर्टल के समस्त 41 माड्यूल पूर्ण कर लिए गए हैं, परंतु विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के समर्थ पोर्टल के माड्यूल पूर्ण नहीं हो पाए हैं। इससे वर्तमान सत्र में समर्थ पोर्टल के जरिये सेमेस्टर परीक्षाएं करा पाना संभव नहीं हो पा रहा है। मौजूदा सत्र में पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं पूर्व की भांति कराई जाएंगी। यह अनुमति इस शर्त के साथ दी गई है कि अगले सत्र से समस्त परीक्षाएं अनिवार्य रूप से समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही कराई जाएंगी। प्रदेश के समस्त राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के अनुरोध पर पूर्व की तरह परीक्षा कराने के लिए सहमति प्रदान की गई है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. विनोद कुमार सिंह कहा कि परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भरने के लिए लिए मंगलवार की रात से वेबसाइट सक्रिय कर दी गई है। विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के समस्त महाविद्यालय के प्राचार्यों को निर्देश दिया गया है कि हर हाल में परीक्षा फॉर्म तय तिथि के अनुसार भरवाने के साथ ही सत्यापन कराएं।