जौनपुर। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिए जाने के संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने डीआईओएस राकेश कुमार को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के लिए ब्लैक बेल्ट या पात्रता वाले प्रशिक्षकों का ही चयन हो। डीआईओएस ने बताया कि प्रक्रिया के लिए जनपदीय समिति का गठन किया गया। आत्मरक्षा प्रशिक्षण की अवधि तीन माह होगी। प्रशिक्षण की अवधि प्रतिदिन 40 मिनट होगी। डीएम ने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के लिए ऐसे खिलाड़ियों का चयन किया जाए जिसके पास मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट योग्यता का प्रमाण पत्र हो। चयनित प्रशिक्षक ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में भी कार्य करने के इच्छुक हो। प्रशिक्षक के रूप में यथा संभव महिला प्रशिक्षक का ही चयन किया जाए। महिला प्रशिक्षक न मिलने की स्थिति में पुरुष प्रशिक्षक चयनित किया जाए। जिन राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में महिला शिक्षिका कार्यरत नहीं है उनमें महिला प्रशिक्षक को भेजा जाए। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, एंबुलेंस 108, साइबर अपराध सहायता 1930 तथा महिला थाना, क्षेत्रीय थानों के नंबर की जानकारी दी जाए। साथ ही बैनर, पोस्टर, रैली व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से अन्य विद्यार्थियों एवं समुदाय को जागरूक किया जाए। बैठक में सीडीओ ध्रुव खाड़िया, एडीएम राम अक्षयबर चौहान, सीआरओ अजय अंबष्ट, डीडीओ मीनाक्षी देवी, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला आदि मौजूद रहे।