केराकत कोतवाली क्षेत्र के सेनापुर (बड़नपुर) निवासी एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उसके साथ उसके पति ने धोखा किया है। पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी रचाई है। इस बारे में पूछने पर मारपीट भी की। पीड़िता ने बताया कि चार वर्ष पूर्व सेनापुर (बड़नपुर) निवासी युवक से उसने प्रेम विवाह किया था। चार वर्ष से पति उसके साथ वाराणसी में रह रहा था। उसे एक पुत्री भी पैदा हुई। कुछ दिनों पूर्व बाजार जाने के लिए पति निकले तो लौटे नहीं। जब कई दिन नहीं लौटे तो वह तलाश में निकली। कुछ आशंका होने पर मंगलवार को अपने भाई के साथ पति के घर पर पहुंच गई। जहां पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है। उसकी तीन पुत्रियां हैं। इस धोखे का कारण पूछे जाने पर पति और पहली पत्नी ने लाठी-डंडा व लात घूंसा से पीटकर घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक केराकत जयप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।