मीरगंज। क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव के बगीचे में पेड़ के नीचे गुजर बसर करने वाले मुसहर परिवार में दो दिन के भीतर दूसरी मौत हो गई। लेकिन इस बस्ती में अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी या जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा। दोनों की मौत कोरोना से होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसके बाद भी हाल यह है कि यहां अब तक दवा का छिड़काव भी नहीं हो सका।
चौकी खुर्द गांव की मुसहर बस्ती में एक माह पूर्व आग लगने से दो रिहायशी छप्पर जलकर राख हो गए थे। पीड़ित परिवार घटना के बाद से बगीचे में पेड़ के नीचे गुजर बसर कर रहा है। गरीबी के चलते उनके पास नया छप्पर भी बनाने की क्षमता नहीं है। इस बस्ती में दो दिन के भीतर दो की मौत हो गई जबकि एक महिला कई दिनों से बिमार चल रही। शासन प्रशासन की ओर से इस परिवार को अभी तक कोई मदद नहीं पहुंचाई जा सकी है।