बरईपार। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर गुलरा गांव में मंगलवार को अनियंत्रित स्कूटी नहर में गिरने से दो युवक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जिसमें एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे का इलाज चल रहा है।
चौबेपुर थाना सुजानगंज गांव निवासी प्रिंस यादव (18), रामनगर निवासी आनंद सिंह (20) स्कूटी से करीब चार बजे शाम को गौरी शंकर धाम सुजानगंज दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते समय रामनगर गांव में नहर के किनारे असंतुलित होकर स्कूटी समेत दोनों सवार नहर में गिर गए। नहर में गिरने की आवाज सुनकर गांव वालों ने घटना स्थल पर पहुंचकर किसी तरह दोनों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। आनंद का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी परिजनों को होने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई।