मीरगंज। अगहुआ गांव में मंगलवार की दोपहर सीता देवी आदर्श इंटर काॅलेज के समीप स्थित तालाब में डूब रही एक युवती व चार किशोरियों की एक युवक ने जान बचाई। उसने जान जोखिम में डालते हुए सभी को बाहर निकाला। घटना तालाब में कपड़ा धाेते समय फिसलने के दौरान हुई। अगहुआ गांव स्थित तालाब में गांव की एक युवती व चार किशोरियां कपड़ा धोने गई थी। इस दौरान नीतू गुप्ता (18) पुत्री राममूरत गुप्ता अचानक फिसल कर तालाब में गिर गई और डूबने लगी। यह देखकर उसकी बहन पूजा गुप्ता (16) ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूबने लगी। यह देख साथ गई अंतिमा (17) पुत्री सीताराम गुप्ता, रागिनी (16) पुत्री भूवाल सरोज, अंतिमा सरोज पुत्री पंचदेव सरोज एक दूसरे को बचाने के चक्कर में डूबने लगीं। इस दौरान उधर से गुजर रहे गांव के विशाल सरोज (18) पुत्र पंचदेव सरोज शोरगुल सुनकर तालाब की तरफ दौडा। उसने जान की परवाह किए बिना सभी किशोरियों को बारी-बारी से पानी से बाहर सुरक्षित निकाल कर उनकी जान बचाई। इस दौरान युवतियों ने भी एक-दूसरे का हाथ पकड़कर टोली बना ली थी। ग्राम प्रधान शारदा देवी ने बताया कि युवक ने प्रयास करके एक युवती व चार किशोरियों बचाया।