नेवढ़िया। थाना क्षेत्र के बनेवरा गांव के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने सराफ बंधुओं को आतंकित कर साढ़े तीन लाख के गहने लूट लिए। दो बाइक पर आए चार बदमाश मुंह ढके हुए थे। वारदात के बाद सभी इटाएं बाजार की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मौका मुआयना किया।
नेवढ़िया बाजार निवासी अमित सेठ की बोड़रापुर में आभूषण की दुकान है। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अपने छोटे भाई अभिषेक के साथ दुकान खोलने जा रहे थे। बाइक अभिषेक चला रहा था जबकि आभूषण से भरा बैग लेकर अमित पीछे बैठा था। बनेवरा गांव के पास सुनसान स्थान पर पीछे से दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे और बाइक पकड़ने का प्रयास करने लगे। एक बदमाश ने अमित के सिर पर असलहे की बट से हमला कर दिया। इससे दोनों भाई असंतुलित होकर बाइक से गिर पड़े। बदमाशों ने असलहे से धमकाते हुए अमित के पास मौजूद आभूषण से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद सूचना पुलिस को दी। अमित के मुताबिक बैग में करीब चार किलो चांदी, 20 ग्राम सोने के आभूषण और पांच हजार रुपये था। एसओ संजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। दोपहर में एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित सराफ भाइयों से पूछताछ की। एएसपी ने बताया कि हुलिया के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।