मड़ियाहूं क्षेत्र के उन्चनी कला गांव के पास अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक, मौके पर जुटी भीड़ व जांच क?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के ऊंचनी कला गांव के पास मंगलवार की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। जौनपुर-मड़ियाहूं मार्ग पर बालू लदी ट्रक पलटने से दो बाइक सवार दब गए। हादसे में वृद्ध समेत दो की मौत हो गई। एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हुई है। जिला अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद उसे बीएचयू रेफर कर दिया गया। उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।
मिर्जापुर से बालू लादकर एक ट्रक जौनपुर की तरफ आ रहा था। ऊंचनी कला गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो को बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। उसी दौरान सड़क से गुजर रहे दो बाइक सवार ट्रक के नीचे आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाइक सवारों को बाहर निकाला। हादसे में एक बाइक पर सवार नेवढ़िया के गुतवन गांव के प्रधान अनिल कन्नौजिया के पुत्र निखिल (20) की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी चाची सरिता (30) पत्नी श्याम कन्नौजिया को सिर में गंभीर चोट आई थी। वहीं दूसरी बाइक पर सवार बरसठी के जगदीशपुर तेजगढ़ गांव निवासी शिवलाल दुबे (65) भी गंभीर रूप से घायल हुए। उनका एक पैर अलग हो गया था। आननफानन दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवलाल दुबे को भी मृत घोषित कर दिया। सरिता को वाराणसी रेफर कर दिया गया। सरिता का चयन हाल ही में परिषदीय विद्यालय में शिक्षक पद पर हुआ था। वह भतीजे निखिल के साथ जौनपुर से गांव गुतवन जा रही थीं। घटनास्थल पर एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह, मड़ियाहूं एसडीएम संजय मिश्र, सीओ राजेंद्र प्रसाद, कोतवाली प्रभारी मुन्नाराम धुसिया, सिकरारा एसओ अश्वनी दुबे भी पहुंचे। एएसपी त्रिभुवन सिंह ने बताया कि जेसीबी की मदद से ट्रक को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारू करा दिया गया। दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक व बाइक को कब्जे में लिया गया है।