जौनपुर जिले के लाइन बाजार थानाक्षेत्र के पचहटिया में चीनी मांझे से हुई फिजियोथेरेपिस्ट समीर हाशमी की मौत ने चीनी मांझे पर चिंता बढ़ा दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह चलती बाइक से औंधे मुंह सड़क पर गिर गए और उनकी गर्दन की नसें और हड्डी तक कट गई। इससे खून का फव्वारा निकलने लगा। कई लीटर खून सड़क पर फैल गया। तड़प रहे समीर न हिल सके ना ही हेलमेट निकाल पाए। मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चीनी मांझे की धार इतनी तेज थी कि समीर हाशमी की त्वचा से लेकर गले की हड्डी तक कट गई। प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप मौर्य और करन सोनकर ने बताया कि वह हेलमेट लगाए थे लेकिन जब चलती बाइक पर उनके हेलमेट से चीनी मंझा टकराया तो तेजी से उनके गले तक सरक गया। वह बाइक रोकने की भी कोशिश नहीं कर पाए और गिर पड़े। घटना की जानकारी होने पर मृतक समीर के पिता मुकीम परिजनों के साथ रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने शव दिखाया तो वह वहां मौजूद सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता से लिपटकर फफक पड़े। पिता ने बताया कि समीर हाशमी ने उत्तराखंड से फिजियोथेरेपी की पढ़ाई की थी। उन्होंने करीब दो साल तक जिला अस्पताल में भी प्रैक्टिस की। इसके बाद केराकत में सिहौली स्थित चौराहा पर अपना क्लीनिक चलाने लगे।