जौनपुर। मंगलवार को नामांकन फार्म खरीदने के लिए प्रत्याशियों की भारी भीड़ लगी रही। इस दौरान शोसल डिस्टेंस की भी धज्जियां उड़ाई गई। प्रत्याशी एक दूसरे से सटकर खड़े होकर नामांकन फार्म खरीद रहे थे। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोर्ट नंबर 11 से लेकर 17 तक जिला पंचायत सदस्य पद हेतु नामांकन फार्म खरीदने के लिए प्रत्याशियों की भारी भीड़ लगी रही तो वहीं ब्लाक मुख्यालयों पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य व बीडीसी पद के लिए नामांकन फार्म खरीदने के लिए प्रत्यिाशियों की भीड़ उमड़ी।
जिले के 1740 ग्राम प्रधान, 21544 ग्राम पंचायत सदस्य, 2027 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 83 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन फार्म बेचने का कार्य शुरू है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन फार्म कलेक्ट्रेट परिसर स्थित 11 से 17 तक के कोर्ट से प्राप्त किया जा सकता है। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन फार्म ब्लाक मुख्यालय से लिया जा सकता है। मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए 855 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीदा। अब तक कुल 1062 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीदे हैं। वहीं धर्मापुर ब्लॉक मुख्यालय पर नामांकन फार्म खरीदने के लिए प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ी रही है। ग्राम प्रधान पद के लिए 341,बीडीसी के लिए 221 और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 106 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीदा। मुफ्तीगंज ब्लाक कार्यालय में ग्राम प्रधान के लिए 288, बीडीसी के लिए 119 और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 49 नामांकन फार्म खरीदा गया। डोभी ब्लाक मुख्यालय में ग्राम प्रधान के लिए 451, बीडीसी के लिए 211 व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 73 नामांकन फार्म खरीदा गया।