केराकत। स्थानीय पब्लिक इंटर कॉलेज के मैदान पर बृहस्पतिवार को आयोजित 64 वीं प्रदेशीय विद्यालय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता सब-जूनियर बालक अंडर-15 का फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ की टीम को 2-1 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के पूर्व चरणों में लखनऊ बनाम मुरादाबाद, गोरखपुर बनाम सैफई, तथा वाराणसी बनाम लखनऊ के बीच मुकाबले खेले गए, जिनमें जबरदस्त खेल भावना और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। फाइनल मुकाबला सैफई और लखनऊ के बीच खेला गया, जिसमें सैफई की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए अंतिम मिनटों में निर्णायक गोल कर 2-1 से जीत दर्ज की। जीत के साथ ही सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सह विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने विजेता टीम को विजयी ट्रॉफी प्रदान की और खिलाड़ियों को बधाई दी। इस मौके पर प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार सिंह, डाॅ.रामदरश सिंह, डाॅ.शैलेन्द्र सिंह, नीरज सिंह, मुन्नालाल यादव, मनोज कुमार सिंह, शिवप्रताप श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।