सुइथाकलां। लखनऊ में विधायक शाहगंज रमेश सिंह ने ऊर्जा मंत्री से मिलकर विद्युत उपकेंद्र पिलकिछा को एक माह के लिए व सुइथाकलां उपकेंद्र को पंद्रह दिनों के लिए विद्युत आपूर्ति रोस्टर फ्री करा दिया है। इसके लिए विभाग के पास आदेश भी आ गया है।शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बीते एक महीने से बिजली की समस्या से क्षेत्रवासी त्रस्त हैं। इस दौरान धान की रोपाई का सीजन होने की वजह से किसानों को भी भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पिलकिछा में दो दिन पूर्व लोगों ने विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन भी किया था। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर समस्या का हल न निकलता देख विधायक रमेश सिंह शुक्रवार को लखनऊ ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से मिलकर समस्या को गंभीरता से रखते हुए पिलकिछा, सुइथाकलां और गुड़बड़ी क्षेत्र के लिए रोस्टर मुक्त बिजली आपूर्ति की मांग की। इसके बाद मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से बात कर समस्या के तात्कालिक हल के लिए पिलकिछा को अगले माह 25 अगस्त तक, सुइथाकलां को 9 अगस्त तक रोस्टर मुक्त चौबीस घंटे विद्युत आपूर्ति का आदेश जारी किया है। शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने बताया कि ऊर्जामंत्री एके शर्मा से मुलाकात कर पिलकिछा, सुइथाकलां व गुड़बड़ी के लिए रोस्टर मुक्त बिजली आपूर्ति की मांग की गई है। जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए एमडी को आदेश जारी कर दिया है। बिजली समस्या से त्रस्त जनता व किसानों को इस निर्णय से जरूर राहत मिलेगी।