मड़ियाहूं/महराजगंज। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सोमवार की रात चोरों ने किराना और शराब की दुकान को निशाना बनाया। ताला तोड़कर चोरों ने दुकानों से हजारों का माल उड़ा दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कनावां में सोमवार की रात देसी शराब की दुकान के सेल्समैन सोबर्धन यादव दुकान बंद कर खाना खाने घर चला गया। तबीयत खराब होने से वह वापस दुकान पर सोने नहीं आया। रात में करीब एक बजे दुकान के अंदर से खटपट की आवाज और बाहर पिकअप खड़ा देख पड़ोसियों ने सोवर्धन यादव को सूचना दी। लोगों ने शोर मचाना शुरू किया तब तक चोर पिकअप में बैठकर फरार हो गए। सोवर्धन के मुताबिक 12 पेटी शराब व गल्ले में रखा करीब 5 हजार रुपया नकद लेकर चोर फरार हो गए। उधर, महराजगंज क्षेत्र के लोहिंदा चौराहे पर स्थित किराने की दुकान के लोहे के दरवाजे में लगा ताला तोड़कर चोरों ने करीब दस हजार रुपये का सामान उड़ा दिया। लोहिंदा चौराहा पर लोहरियाव गांव निवासी मंगला प्रसाद मौर्या किराना की दुकान चलाते हैं। सोमवार की शाम दुकान बंद कर वह घर चले गए। सुबह आए तो ताला टूटा देख सन्न रह गए। उन्होंने बताया कि साबुन, तेल, किराना सहित करीब दस हजार का सामान गायब है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।