जौनपुर। साथी कर्मचारी की पिटाई से आक्रोशित रोडवेज कर्मियों ने मंगलवार को रोडवेज परिसर के सामने सड़क पर डेढ़ घंटे तक चक्काजाम किया। वे दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। डेढ़ घंटे बाद पहुंचे एसओ लाइन बाजार ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जिसके बाद कर्मचारी शांत हो हुए। इस दौरान यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जौनपुर रोडवेज परिसर के सामने मंगलवार को प्राइवेट बस चालक सवारी बैठा रहा था, जिसका विरोध करते हुए रोडवेज कर्मचारी ने सवारी बैठाने से मना किया। साथ ही प्राइवेट बस को भगा दिए। इसके कुछ ही देर में प्राइवेट बस चालक कई लोगों के साथ रोडवेज परिसर में पहुंच कर कर्मचारियों पर ईंट पत्थर फेंकने लगे। इस दौरान परिचालक अजीत कुमार चौबे घायल हो गए, जिससे आक्रोशित होकर रोडवेज कर्मचारियों ने अपराह्न डेढ़ बजे रोडवेज परिसर के समाने सड़क पर बसों को खड़ा कर चक्काजाम कर दिया। रोडवेज कर्मी एफआईआर दर्ज कर दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई करने की मांग करने लगे। उधर इसकी जानकारी होते ही एसओ लाइन बाजार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल परिचालक की तहरीर पर चार अज्ञात लोगों के विरुद्घ केस दर्ज किया, जिसके बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के समझाने पर रोडवेज कर्मचारी शांत हुए और रोडवेज बसों का संचालन शुरू हुआ।
- रोडवेज परिसर के सामने प्राइवेट बस चालक सवारी बैठा रहा था। उसे रोडवेज कर्मचारियों ने सवारी बैठाने से मना किया, जिसके कुछ ही देर बाद प्राइवेट बस चालक चार पांच लोगों के साथ आकर कर्मचारियों पर ईंट व पत्थर फेंकने लगे, जिसमें एक परिचालक घायल हो गए, जिससे नाराज होकर कर्मचारियों ने चक्का जाम कर दिया था।- विजय कुमार श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज