11- खराब भोजन मिलने के विरोध में रोडवेज परिसर में प्रदर्शन करते चालक।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। जिले में ट्रेनों से आने वाले प्रवासी लोगों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लगी बसों के चालक व परिचालाकों ने मंगलवार को रोडवेज परिसर में खराब भोजन देने और दूसरी समस्याओं के खिलाफ रोष जताया। काफी देर तक हंगामा करते रहे और शीघ्र समस्याओं को दूर करने की मांग की।
जिले में शाहजहांपुर, सीतापुर, हरदोई सहित अन्य रोडवेज डिपो से लगभग 200 बस आई हैं। इन बसों से ट्रेन में आने वाले यात्रियों को उनके गंतव्य तक छोड़ा जा रहा है। बसों के चालक व परिचालकों ने मंगलवार को जौनपुर रोडवेज डिपो में हंगामा किया। उनका आरोप था कि न तो बसों की सफाई हो रही और न ही सैनिटाइज किया जा रहा है। चालकों को भी मास्क व सैनिटाइजर नहीं दिया गया है। रात में हम लोगों को भोजन नहीं दिया गया। मंगलवार को अपराह्न डेढ़ बजे भोजन मिला, वह भी घटिया किस्म का था। इस भोजन को तमाम लोगों ने खाया ही नहीं। उन्होंने शीघ्र भोजन उपलब्ध कराने और बसों की सफाई, मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में चालक विवेक शुक्ला, आदेश मिश्रा, अनुज पांडेय, केपी सिंह, कृष्ण मुरारी आदि चालक व परिचालक रहे।
चालकों व परिचालकों को सैनिटाइजर व मास्क वितरित किया गया है। बसों की सफाई व सैनिटाइज किया जाता है, जहां तक भोजन देने का सवाल है तो जिला प्रशासन उपलब्ध करा रहा है। -विजय कुमार श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज