खुटहन। बनुआडीह गांव में प्रयागराज से शाहगंज राजमार्ग पर बृहस्पतिवार की भोर में बाइक सवार को बचाने में एक रोडवेज बस सड़क किनारे पलट गई। संयोग अच्छा था कि कोई हताहत नहीं हुआ। इसमें एक व्यक्ति के हाथ की हड्डी टूट गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों ने सभी यात्रियों को बस से बाहर निकलवाया।
शाहगंज डिपो की बस बृहस्पतिवार की भोर में प्रयागराज से सवारी लेकर शाहगंज की तरफ जा रही थी। बस में 24 यात्री सवार थे। बनुआडीह गांव के पास पहुंचने पर बाइक सवार को बचाने में बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया और बस को बाईं तरफ मोड़ दिया। बस असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस सवार बाबू (48) निवासी कोलकाता के दाएं हाथ में गंभीर चोट आई है, वह शाहगंज में रहकर फेरीकर कबाड़ खरीदने का काम करता है। अन्य यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आईं। थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बाइकसवार को बचाने में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। एक व्यक्ति का हाथ टूट गया।