मुंगराबादशाहपुर। प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पुरऊपुर गांव के पास रविवार की रात रोडवेज बस अनियंत्रित होकर किराना और कपड़े की दुकान में घुस गई। दोनों दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई और लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। बस में सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
प्रयागराज के सिविल लाइंस डिपो की बस 30 से अधिक यात्रियों को लेकर रविवार की रात गोरखपुर जा रही थी। रात करीब 11 बजे पुरऊपुर गांव में नहर के पास बस अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे स्थित बबलू मौर्य की कपड़े और दिनेश मौर्य के किराना की दुकान में घुस गई। हादसे से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़ पड़े और सभीयात्रियों को बाहर निकाला। रोडवेज चालक सहित छह यात्री घायल हो गए। उन्हें प्रारंभिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। दुकान मालिकों के मुताबिक उनकी दुकान और उसमें रखा लाखों का नुकसान हुआ है।