जौनपुर। राज्यमंत्री खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर पालिका, डूडा, जल निगम, पर्यटन विभाग, एसटीपी, सिवरेज, लोक निर्माण विभाग, गैस पाइप लाइन एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। इसमें उन्होंने जल निगम को फटकार लगाते हुए कहा कि बिना अनुमति के कोई भी सड़कें न खोदी जाएं। जितनी भी सड़कें खराब हैं उन्हें जल्द ही चलने योग्य बनाएं।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता जल निगम शहरी सचिन सिंह से घरों के पाइप कनेक्शन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कहा कि जल निगम द्वारा कार्य को पूर्ण कराए जाने के उपरांत तुरंत ही अन्य कार्यदाई संस्था या विभाग सड़कें बनाए। ताकि उस सड़क को दोबारा खोदना न पड़े। शकरमंडी के पास नवनिर्मित सड़क खोदे जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के सड़कें कोई भी विभाग न खोदे। इसके लिए एक योजना बनाई जाए जिससे कि बार-बार सड़कें खोदे जाने की समस्या उत्पन्न न हो। इंडियन ऑयल कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देश दिया कि उनके द्वारा जनपद में क्या कार्य कराए जाने हैं, इसका एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दे। उन्होंने मियापुर, हुसैनाबाद, रामनगर भडसरा, मतापुर की सड़कों का प्रस्ताव दिए जाने के निर्देश प्रभारी अधिकारी डूडा को दिया गया। चेतावनी दी कि कोई भी सड़क कहीं पर भी टूटी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए समुचित प्रयास किया जाना सुनिश्चित किया जाए। मां शीतला चौकियां धाम के सौंदर्यीकरण कार्य की विस्तृत समीक्षा की। इस परियोजना के विषय में कार्यदाई संस्था ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी, जिस पर राज्यमंत्री ने रिवाइज एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका पालन कराते हुए परियोजनाओं को समय से पूरा किया जाएगा। बैठक में सीडीओ ध्रुव खाड़िया, एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान, सीआरओ अजय अंबष्ट, पर्यटन सूचना अधिकारी मीनाक्षी यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, पीओ डूडा निधि वाजपेयी सहित आदि मौजूद रहे।