रामनगर में एक स्कूटी सवार सीआरपीएफ के जवान को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल जवान को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। उधर, ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
वाराणसी जिले में रामनगर थाना क्षेत्र के पंचवटी तिराहे पर शनिवार को सड़क हादसा हुआ। जिसमें स्कूटी सवार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
सूचना के अनुसार, आपातकालीन सेवा डायल 112 के माध्यम से पुलिस को पंचवटी तिराहे पर दुर्घटना की खबर मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रामनगर तथा चौकी इंचार्ज कस्बा पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर जांच के दौरान पता चला कि तेज रफ्तार ट्रक ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
घायल जवान की पहचान
दुर्घटना में घायल स्कूटी चालक की पहचान विंध्याचल कुमार मिश्रा (पुत्र अशोक मिश्रा) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रामेश्वरपुरम कॉलोनी, पंचवटी, रामनगर के निवासी हैं तथा वर्तमान में 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल पहाड़िया में तैनात हैं। हादसे में उनके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है।
विज्ञापन
रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया की दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायल जवान को इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जिसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें बीएचयू भिजवाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को कब्जे में लेकर यार्ड में खड़ा करा दिया है। मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।