सुईथाकला। गैरवाह गांव में तालाब की भूमि पर कब्जा दिलाने गई राजस्व विभाग की टीम बृहस्पतिवार बैरंग लौट गई। गांव में लगभग 26 बीघे आराजी के तालाब पर मत्स्य पालन के लिए वर्षों पहले पट्टा हुआ था। स्थानीय लोगों के विरोध के कारण पट्टाधारक तालाब पर कब्जा नहीं पा रहे थे। जबकि संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में तालाब की भूमि का सीमांकन कराया जा चुका है। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में पीएसी और पुलिस बल की मौजूदगी में तालाब पर कब्जा दिलाने पहुंची। राजस्व टीम के साथ उपजिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा और क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार भी मौजूद रहे। पीएसी के जवान और सर्किल के थानों की फोर्स के अलावा प्रभारी निरीक्षक देवीवर शुक्ल और उपनिरीक्षक राम नारायण गिरी डटे रहे। कथित रूप से कुछ वैधानिक अड़चन होने के कारण कब्जा दिलाने की कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे टीम वापस लौट गई। इस संबंध में एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि कतिपय कारणों से भूमि पर कब्जा नहीं दिलाया जा सका। जल्द ही टीम गठित कर पट्टाधारकों को तालाब पर कब्जा दिलाया जाएगा।