केराकत (हत्या) -मृतक के रोते बिलखते परिजन। संवाद
केराकत (जौनपुर)। नगर के नालापार नाव घाट मोहल्ले से लापता बंगाली निषाद (65) का शव चकरारेत ढावे घाट के पास गोमती नदी से बरामद कर लिया गया है। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस वारदात को पांच साल पुराने विवाद का बदला लेने के लिए अंजाम दिया गया। सीओ केराकत अजीत कुमार सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी साहब लाल निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बंगाली को पहले नशा कराया और फिर नदी में फेंक दिया। हालांकि आरोपी ने पूछताछ में इसे हादसा बताने की कोशिश की लेकिन मृतक के सिर पर चोट के निशान और सीसीटीवी फुटेज ने उसकी पोल खोल दी। फुटेज में आरोपी वारदात से पहले मृतक के साथ देखे गए थे। मृतक की पत्नी हीरामनी देवी की तहरीर पर साहब लाल और शंभू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बंगाली निषाद इलेक्ट्रॉनिक वायरिंग का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। मेहनतकश और सरल स्वभाव के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। गांव और आसपास के लोग उन्हें मिलनसार व्यक्ति के रूप में जानते थे। रोज मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाले बंगाली निषाद की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी हीरामनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार पति को याद कर बेसुध हो जा रही हैं। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। बंगाली निषाद के चार बेटे हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि वह घर का मुख्य सहारा थे। पुलिस की जांच में पता चला कि दोनों नामजद आरोपी सीसीटीवी कैमरे में बंगाली निषाद के साथ जाते नजर आ रहे हैं। वहीं, बंगाली निषाद की पत्नी हीरामनी देवी ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया थी। आरोप लगाया कि 6 मई की रात करीब 9:30 बजे दोनों लोग उनके पति को काली मंदिर स्थित पान दुकान के पास से अपने साथ ले गए। पीड़िता का कहना है कि घटना सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दे रही है, जिसमें दोनों आरोपियों के साथ उनके पति जाते नजर आ रहे हैं। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। पत्नी ने एक दिन पहले ही आरोप लगाया था कि पति के लापता होने के बाद पूछने पर दोनों लोग सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। उनके पति का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बता रहा है। महिला ने हत्या की आशंका भी जाहिर की है। कोतवाली प्रभारी अरबिंद पांडेय ने प्रार्थना पत्र लेने के बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो घटनाक्रम को छुपाते हुए आरोपी ने शव के बारे में बता दिया। केराकत कोतवाली प्रभारी बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगा।