जलालपुर थाना क्षेत्र के पराऊगंज में खाली कराया जा रहा अवैध कब्जा। संवाद
जलालपुर। पराऊगंज बाजार में चौराहे पर साढ़े चार बिस्वा जमीन से बृहस्पतिवार को न्यायालय के आदेश पर जिला प्रशासन ने कब्जा हटवाया। कार्रवाई के दौरान पीएसी, महिला पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस तैनात रही। कब्जा हटने से वहां रह रहा परिवार बेघर हो गया। कार्रवाई के बाद जमीन पर पिलर खड़ा कर तार से घेराबंदी कर दी गई।
साल 1978 से अरुण कुमार और हरिदास के बीच न्यायालय में जमीन का विवाद चल रहा था। 17 अक्तूबर को अपर सिविल जज, न्यू कोर्ट तृतीय, जौनपुर के आदेश के अनुपालन में अदालत के अमीन सुनील कुमार सरोज चार कर्मचारियों और एक प्लाटून पीएसी के साथ पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में दोपहर करीब 12 बजे डिक्रीधारी अरुण कुमार के पक्ष में कब्जा-दखल की कार्रवाई कराई गई। कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान विपक्षी पक्ष की महिलाएं रोती-बिलखती रहीं। उन्होंने बारिश और करवा चौथ का हवाला देकर जिला प्रशासन से एक-दो दिन की मोहलत मांगी। महिलाओं का कहना था कि घर का सामान कहां रखें और परिवार को लेकर कहां जाएं। लेकिन प्रशासन ने उनकी बात नहीं सुनी। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन कब्जामुक्त कराई गई।