फोटो-मुंगराबादशाहपुर के मछलीशहर रोड पर स्थित तिरंगे की दुकान पर खरीददारी करते हुए लोग। संवाद
जौनपुर। गणतंत्र दिवस सोमवार को मनाया जाएगा। राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्साह बढ़ गया है। बाजारों में तिरंगा, टी-शर्ट, बिल्ला आदि सामान की बिक्री तेज हो गई है। बच्चे जहां छोटे तिरंगे पसंद कर रहे हैं, वहीं प्रतिष्ठानों पर फहराने के लिए लोग बड़े-बड़े झंडे भी खरीद रहे हैं। सरकारी व अर्ध सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों से लेकर सामाजिक संगठनों, निजी प्रतिष्ठानों में गणतंत्र दिवस की तैयारी चल रही है। विद्यालयों में उक्त दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों लिए बच्चों ने अभ्यास तेज कर दिया है। सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई आदि को लेकर भी सक्रियता देखी जा रही है। सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालयों एवं निजी संस्थानों पर फहराने के लिए राष्ट्रीय ध्वज की खरीदारी भी होने लगी है। तिरंगे के कलर की टोपी भी लोगों को आकर्षित कर रही है। मांग के अनुसार मिष्ठान विक्रेता लड्डू व अन्य मिष्ठान तैयार करने में जुटे हैं। शहर के ओलंदगंज, कोतवाली, चाहरसू, पालिटेक्निक चौराहा, नईगंज समेत ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में झंडा, बिल्ला की सजी दुकानें नजर आईं। पालिटेक्निक चौराहे के समीप गणतंत्र दिवस से जुड़े सामान के दुकानदार विनोद मौर्या का कहना है कि पहले की अपेक्षा पिछले दो-तीन सालों से बिक्री अच्छी हो रही है। झंडे, स्टीकर, कैप की मांग ज्यादा है। स्कूली बच्चे हेयरबैंड, रिस्टबैंड, बिल्ले की मांग कर रहे हैं। झंडे 10 रुपये से लेकर 300 रुपये तक बिक रहे है।