बक्शा। क्षेत्र के द्रोणीपुर हेंगुपुर गांव में गोली मारकर हुई करन गौतम की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार की देर रात मृतक के पिता विनोद गौतम की तहरीर पर तीन के खिलाफ नामजद हत्या का केस दर्ज कर लिया है। लूट के आरोपी करन गौतम का शव मंगलवार की शाम द्रोणीपुर गांव के निकट सई नदी में मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मंगलवार की देर रात मृतक के पिता विनोद गौतम की तहरीर पर पुलिस ने चितौड़ी गांव निवासी प्रीतम, हेंगुपुर निवासी गुलशन एवं चितावा गांव निवासी मसा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। विनोद के अनुसार करन घर से दिल्ली जाने के लिए निकला था जिसे बदलापुर स्टेशन पर प्रीतम के साथ छोड़ दिया गया था। पुलिस के अनुसार हत्यारों ने करन की हत्या बीते 18 दिसंबर को ही कर दी थी। दो हत्यारोपियों को मछलीशहर कोतवाली पुलिस ने लूट के आरोप में गिरफ्तार कर मंगलवार को ही जेल भेजा है जबकि प्रीतम फरार है। सीओ सदर रणविजय सिंह ने बताया कि जेल भेजे गए हत्यारोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।