जौनपुर। कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में आगामी मानसून को देखते हुए विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बारिश के दौरान होने वाली परेशानी और बचाव का प्रबंधन करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम ने वर्षा ऋतु के दौरान संभावित समस्याओं एवं उनसे निपटने की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा पशुहानि की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़कों पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से भर लिया जाए, इससे वर्षा के दौरान आवागमन बाधित न हो। विद्युत विभाग को खंभों एवं ट्रांसफाॅर्मरों पर डेंजर बोर्ड लगाए जाएं। बारिश के मौसम को देखते हुए विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।
डीएम ने नगर निकायों, विद्युत विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को सक्रिय मोड में कार्य करने का निर्देश दिया। पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मेनहोल को शत-प्रतिशत ढकवाया जाए। नालों एवं नालियों की नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देश दिया कि फील्ड में नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करें। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह उपस्थित रहे।