मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव में शनिवार को धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस पूजा-पाठ करा रही महिलाओं को थाने ले गई। लिखित माफीनामा के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। सुदनीपुर गांव के एक घर में कुछ महिलाएं एकत्रित होकर एक दूसरे धर्म से संबंधित पूजा-पाठ करा रही थीं। इसमें 15-20 महिलाएं जुटी थी। इसकी सूचना मिलते ही बजरंग दल के अध्यक्ष आशुतोष सिंह बच्चा के साथ कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। धर्म परिवर्तन के लिए दीक्षा दिलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि महिलाओं को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं किया जा रहा। सूचना पर यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीन महिलाओं को थाने ले गई। थाने में भी काफी देर तक बहस होती रही। एसएसआई सुरेंद्र दुबे ने बताया कि महिलाओं ने लिखित रुप से माफीनामा दिया है। उन्होंने दोबारा ऐसी हरकत न करने की सहमति दी है। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।