जौनपुर। जिले की पांच स्वास्थ्य इकाइयों का चयन कायाकल्प पुरस्कार के लिए किया गया है। प्रदेश में जौनपुर ही ऐसा जिला है, जहां एक साथ पांच इकाइयों का चयन पुरस्कार के लिए हुआ है। डोभी सीएचसी ने लगातार चौथी बार पुरस्कार के लिए चुना गया है।
कायाकल्प योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में जिले की पांच स्वास्थ्य इकाइयों का चयन किया गया है। इसमें जिला चिकित्सालय को तीन लाख, सीएचसी डोभी को दो लाख, सीएचसी मछलीशहर को एक लाख, पीएचसी तेजीबाजार को दो लाख और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगराबादशाहपुर को 50 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने पुरस्कार के लिए जिले के स्वास्थ्य इकाइयों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि कहा कि वित्तीय वर्ष 2017-18 में डोभी सीएचसी का प्रदेश में पहला स्थान था और 15 लाख का पुरस्कार मिला था। वर्ष 2018-19 में छठवें और 2019-20 में सीएचसी डोभी को चौथा स्थान मिला। इस बार भी उसे चुना गया है। डोभी से प्रेरणा लेकर अन्य स्वास्थ्य इकाइयों ने भी व्यवस्था सुधार कर कायाकल्प योजना में प्रतिभाग किया है। अन्य स्वास्थ्य इकाईयों को भी स्वास्थ्य के बेहतर प्रयास करने की जरूरत है।