केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ विवाह में शामिल होने गई सात वर्षीय बच्ची का किसी बराती ने अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस करीब 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं बच्ची को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
30 जून की शाम एक गांव में आजमगढ़ के देवगांव से बरात आई थी। पड़ोस की बच्ची अपनी मां के साथ विवाह में शामिल होने गई थी। मां विवाह में व्यस्त हो गई। इसी दौरान बच्ची लापता हो गई। आधी रात के बाद जब मां बच्ची को ढूंढ़ने लगी तो वह नहीं मिली। सुबह होने पर घर से 500 मीटर की दूरी पर बेहोशी की हालत में बच्ची मिली तो परिजनों ने निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे कही अन्यत्र लेकर उपचार कराकर घर लेकर चले गए। ग्रामीणों की सलाह पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्परता दिखाते हुए बरात में शामिल हुए करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस बाबत कोतवाली प्रभारी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर मुकदमा दर्जकर चार टीमें गठित करके मामले की छानबीन चल रही है। दस लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है।