जौनपुर। 42.45 करोड़ की जब्त कोडीन युक्त कफ सिरप के मामले में पुलिस को पता चला कि रांची का ट्रांसपोर्टर फर्जी बिल्टी जारी करता था।फिलहाल, आगे की कार्रवाई शुरू करने से पहले एसआईटी ट्रांसपोर्टर की कुंडली खंगाल रही है। बिल्टी सामान भेजने का विवरण होता है।
जनपद में 42.45 करोड़ की कोडीनयुक्त कफ सिरप की केवल कागज पर बिलिंग करने का मामला सामने आया है। यह बिल्टी शैली ट्रेडर्स रांची के नाम से होती थी। इसे मां कामाख्या एयर कार्गो हटिया रांची की बिल्टी के नाम से भेजा जाता था। लेकिन, हकीकत में कोडीनयुक्त कफ सिरप जनपद में आई ही नहीं। वहीं, खाद्य एवं औषधी विभाग की ओर से जांच के दौरान संबंधित ट्रांसपोर्टर के दिए गए मोबाइल नंबर से संपर्क करने पर उत्तर मिल रहा है कि मोबाईल नंबर सेवा में उपलब्ध नहीं है। इसे गंभीरता से लेते हुए एसआईटी ने जांच के दायरे में लिया है। वहीं, 18.90 लाख कोडीन युक्त कफ सिरप की बिलिंग करने वाले संबंधित 12 फर्मों से जुड़े सबूतों को भी जुटाने में लगी है। एएसपी सिटी आयूष श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही वह संबंधित फर्मों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। साक्ष्यों की गहनता से जांच कर आरोपियों की धरपकड़ तेज की जाएगी।