रामनरेश प्रजापति को मिलेगा अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक
करंजाकला (जौनपुर)। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एमए जनसंचार के छात्र रामनरेश प्रजापति को वर्ष 2023 के लिए अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। नौ नवंबर को दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रामनरेश को स्वर्ण पदक देंगी। यह स्वर्ण पदक अमर उजाला के नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी की स्मृति में वर्ष 2019 से दिया जा रहा है। स्वर्ण पदक मिलने से रामनरेश उत्साहित हैं। उनका कहना है कि अच्छा पत्रकार बनना है। नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी पत्रकारिता के मजबूत स्तंभ थे। उनकी स्मृति का स्वर्ण पदक मिलने से उत्साहित हूं।
सुइथाकला के भेला गांव निवासी रामनरेश अपनी सफलता का श्रेय पिता अच्छेलाल प्रजापति और मां भगवान देई के साथ अपने गुरु को देते हैं। उनका कहना है कि जीवन में सफल होने के लिए जज्बा, जिद, दृढ़ निश्चय और कठिन परिश्रम सबसे महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता के क्षेत्र में ऊंचाई हासिल करने का सपना है। रामनरेश ने स्नातक के बाद पूविवि के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग से मास्टर्स डिग्री की डिग्री हासिल की है। शैक्षिक सत्र 2022-23 में उन्हें पत्रकारिता में सर्वाधिक 69.6 प्रतिशत अंक मिले हैं। इस आधार पर उनका चयन स्वर्ण पदक के लिए हुआ है।
आठ को बंटेंगी डिग्रियां, कराया जाएगा पूर्वाभ्यास
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारी अंतिम चरण में है। आठ नवंबर यानी बुधवार को छात्रों को डिग्री का वितरण किया जाएगा। दीक्षांत समारोह की तैयारी को लेकर पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। उत्तरीय का वितरण भी किया जाएगा। कुलपति
प्रो.वंदना सिंह समितियों के साथ बैठक कर तैयारी की समीक्षा कर रही हैं। टाॅपरों की सूची भी तैयारी हो चुकी है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 27 वां दीक्षांत समारोह नौ नवंबर को होना है। इसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 81 टाॅपरों को गोल्ड मेडल और 222 को डिग्री प्रदान करेंगी। परीक्षा विभाग टाॅपरों की सूची तैयार कर चुका है।दीक्षांत समारोह के पूर्वाभ्यास के लिए नाम तय किया जा रहा है। दीक्षांत समारोह के लिए विश्वविद्यालय परिसर स्थित महंथ अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। सड़कों की मरम्मत और पेंटिंग के साथ ही परिसर भी सजाया जा रहा है।