अपनी मांगों को लेकर बीआरपी कालेज मैदान में आयोजित सम्मेलन में अपनी आवाज बुलंद करते होमगार्ड्स।
होमगार्ड्स अवैतनिक अधिकारी व कर्मचारी एसोसिएशन की ओर से रविवार को बीआरपी इंटर कालेज में सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें नियमित करने सहित अन्य मांगों को पूरा करने के लिए आवाज बुलंद की गई ।
साथ ही एक अगस्त से होने वाले कार्य बहिष्कार व आठ अगस्त से जीपीओ पार्क, लखनऊ में आमरण अनशन को सफल बनाने पर जोर दिया गया। इसमें सभी होमगार्डों को प्रतिभाग करने का आह्वान किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मुकेश द्विवेदी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष मुकेश द्विवेदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ व दिल्ली के सभी होमगार्डों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियमित कर दिया गया है। जिससे उनको पुलिस के बराबर सारी सुविधाएं मिल रही हैं। अभी तक यूपी में उक्त आदेश को लागू नहीं किया गया है।
जबकि यूपी के होमगार्डों को नियमित करने आदि मांगों को पूरा करने की मांग काफी दिनों से की जा रही है। बावजूद इसके अभी तक मांग पूरी नहीं की गई है। जिसको लेकर एक अगस्त से सात अगस्त को कार्य बहिष्कार करने का कार्य किया जाएगा।
आठ अगस्त से जीपीओ पार्क लखनऊ में आमरण अनशन किया जाएगा। उन्होंने कार्य बहिष्कार व आमरण अनशन में सभी होमगार्डो को प्रतिभाग करने का आह्वान किया। कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी, तब तक आमरण अनशन चलता रहेगा। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष शेषमणि यादव, महेंद्र गौतम, अनिल राय, विनय कुमार मौर्या, अरविंद मौर्या, महेंद्र प्रसाद यादव आदि उपस्थित रहे।