रोडवेज बस की टक्कर से रेलवे बूम क्षतिग्रस्त होने के बाद लगा जाम। संवाद
मुंगराबादशाहपुर। बादशाहपुर रेलवे स्टेशन के पास रविवार की रात में लगभग 8:30 बजे रेलवे क्रॉसिंग संख्या 64बी पर प्रयागराज की ओर जा रही रोडवेज बस की टक्कर से रेलवे फाटक का बूम टेढ़ा हो गया। इससे रेलवे फाटक बंद करने में परेशानी होने लगी। इस कारण क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। रविवार की रात में करीब 8:30 बजे गेटमैन रेलवे फाटक बंद कर रहा था। इसी दौरान प्रयागराज की ओर जा रही रोडवेज बस फाटक के बूम से टकरा गई। टक्कर लगने से बूम टेढ़ा हो गया। फाटक बंद नहीं होने के कारण रेल और सड़क यातायात प्रभावित हो गया। घटना की जानकारी स्टेशन अधीक्षक रामबली राम को दी गई। इसके बाद रेलवे के कर्मचारी क्षतिग्रस्त बूम की मरम्मत करने में जुट गए। इस दौरान ट्रेनों को गुजारने के लिए इमरजेंसी बूम का सहारा लिया गया। प्रतापगढ़ से बनारस जाने वाली 55142 प्रतापगढ़-बनारस पैसेंजर ट्रेन को आउटर सिग्नल पर करीब 15 मिनट तक रोकना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक रामबली राम ने बताया कि बस की टक्कर से बूम टेढ़ा हो गया था। जिसे ठीक कराकर लगभग 9:30 बजे यातायात बहाल कराया गया।