गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर रेलवे क्रासिंग के पास स्थित केशव प्रसाद मौर्य जलपान गृह स
- फोटो : लहरपुर में गैस सिलिंडर लेने के लिए कतार में खड़े उपभोक्ता।
धर्मापुर (जौनपुर)। अवैध गैस सिलिंडरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। थाना क्षेत्र के केशवपुर रेलवे फाटक स्थित केशव प्रसाद मौर्य जलपान गृह पर छापा मारा। जहां से 53 अवैध सिलिंडर बरामद किया। इनमें 16 भरे और 37 खाली गैस सिलिंडर शामिल रहे। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) योगेंद्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जय प्रकाश पांडेय, सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मापुर अर्चना सिंह, सप्लाई इंस्पेक्टर सदर आशुतोष त्रिपाठी, सप्लाई इंस्पेक्टर योगेंद्र यादव की संयुक्त टीम ने गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस के साथ सोमवार को सुबह 9 बजे गोपालापुर गांव स्थित केशवपुर रेलवे फाटक के पास केशव प्रसाद मौर्य जलपान गृह पर छापा मारा। दुकान के पीछे और रेलवे लाइन से महज 10 मीटर की दूरी पर अवैध गैस सिलिंडरों का बड़ा भंडारण मिला। टीम ने मौके से 16 भरे हुए और 37 खाली गैस सिलिंडर, कुल 53 गैस सिलेंडर बरामद किया। दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान सिलिंडरों का जखीरा बरामद हुआ। जलपान गृह संचालक गैस सिलिंडरों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। रेलवे पटरी के इतने करीब सिलिंडरों का भंडारण होने से सुरक्षा व्यवस्था में भी भारी लापरवाही सामने आई है। लगभग दो घंटे तक चली इस कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों में भी खलबली मची रही। सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मापुर अर्चना सिंह ने बताया कि सभी अवैध सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया गया है और दुकानदार के विरुद्ध थाने पर तहरीर देते हुए विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी जलपान की दुकान पर सुबह से ही सरकारी रोडबेज बसों का लगातार रुकना होता है। देर रात तक भी रोडवेज बस का आना-जाना होता था। इस दौरान हाईवे के किनारे बसों के खड़े होने से अन्य वाहन चालकों को काफी दिक्कतें होती थीं। जबकि यह सड़क व्यस्त मानी जाती है।